रायपुर: तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों को 2.42 करोड़ की आर्थिक सहायता, 169 हितग्राहियों को मिला लाभ
रायपुर, 1 अक्टूबर। तेन्दूपत्ता संग्रहण से जुड़े परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 169 परिवारों को कुल 2 करोड़ 42 लाख 40 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ ने यह राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में डिजिटल माध्यम से सीधे अंतरित की। योजना के तहत डिजिटल भुगतान की शुरुआत रायगढ़ जिले की चिमटापानी समिति के मिथिलेश सिदार और दंतेवाड़ा जिले की नकुलनार समिति के गल्ले वीटी के खातों में राशि भेजकर की गई।
अलग-अलग मामलों में निर्धारित सहायता
योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु के 4 मामलों में प्रत्येक परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता दी गई। वहीं सामान्य मृत्यु अथवा स्थायी विकलांगता के 103 मामलों में प्रति प्रकरण 2 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग से जुड़े मामलों में दुर्घटना मृत्यु अथवा स्थायी विकलांगता के 4 प्रकरणों में 75-75 हजार रुपये तथा सामान्य मृत्यु के 58 मामलों में 30-30 हजार रुपये की सहायता दी गई।
18 से 50 वर्ष तक के लिए ये हैं प्रावधान
राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की आयु वर्ग में परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता होने पर 2 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रुपये, जबकि आंशिक विकलांगता की स्थिति में 1 लाख रुपये की सहायता दी जाती है।
वहीं 50 से 59 वर्ष की आयु सीमा में सामान्य मृत्यु पर 30 हजार रुपये, दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 75 हजार रुपये तथा आंशिक विकलांगता की स्थिति में 37,500 रुपये की सहायता निर्धारित है।
मृत्यु और विकलांगता की स्थिति में आर्थिक सहारा
योजना का उद्देश्य तेन्दूपत्ता संग्रहण से जुड़े परिवारों को परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु या विकलांगता जैसी परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। सहायता राशि सीधे बैंक खाते में पहुंचाए जाने से हितग्राहियों तक भुगतान की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से पूरा किया जा रहा है।
राज्य लघु वनोपज संघ के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा और प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता की उपस्थिति में हितग्राहियों के लिए सहायता राशि जारी की गई।

