रायपुर : नीट-2026 पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के पोस्टरों की जांच शुरू, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
आपत्तिजनक पोस्टर और वायरल फोटो-वीडियो के आधार पर हो रही पहचान, शिकायतों के बाद कार्रवाई की तैयारी
रायपुर। नीट-2026 पेपर लीक के विरोध में रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुए प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से प्रदर्शित आपत्तिजनक पोस्टरों और सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शिकायतें मिलने के बाद संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के दायरे में
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पोस्टर लहराने वालों के साथ-साथ उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड और प्रसारित करने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर में कलेक्टोरेट चौक पर हुआ था प्रदर्शन
रायपुर के कलेक्टोरेट चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के पास आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रतिभागियों के हाथों में आपत्तिजनक भाषा वाले पोस्टर थे। यह भी आरोप है कि प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। इन आरोपों की जांच की जा रही है।
कानूनी पहलुओं की भी हो रही पड़ताल
पुलिस संबंधित शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह भी जांच कर रही है कि प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल किए गए पोस्टर और अन्य गतिविधियां भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) या अन्य प्रासंगिक कानूनों के किसी प्रावधान का उल्लंघन करती हैं या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


