रायपुर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया स्वागत
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर गुरुवार, 22 अक्टूबर को राजधानी रायपुर पहुंचीं। उनके आगमन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति के इस दौरे के दौरान रायपुर और बस्तर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रायपुर में स्मारक सिक्का करेंगी जारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने प्रवास के पहले दिन रायपुर स्थित लोक भवन में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद वे नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर पहुंचेंगी। यहां वे बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े मुरिया दरबार में शामिल होंगी और लालबाग मैदान में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जगदलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया है। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
राष्ट्रपति का यह दौरा छत्तीसगढ़ की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रायपुर में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे बस्तर दशहरा के दौरान आदिवासी परंपराओं के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होंगी।
