
रायपुर में पनीर फैक्ट्रियों पर छापा, 1060 किलो पनीर जब्त कर नष्ट, सैंपल जांच के लिए भेजे
रायपुर। राजधानी में पनीर की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर मिली शिकायतों के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दो डेयरी फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर कुल 1060 किलो पनीर जब्त कर नष्ट किया।
भाटागांव की फैक्ट्री में मिली गंदगी
खाद्य विभाग की टीम ने भाटागांव स्थित KLP डेयरी एंड प्रोडक्शन में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। इसके बाद टीम ने यहां से 540 किलो पनीर जब्त कर नष्ट कर दिया।
जेसीबी से जमीन में दबाकर किया नष्ट
जब्त किए गए पनीर को रायपुर नगर निगम की मदद से चिन्हित सरकारी जमीन पर जेसीबी मशीन के जरिए गड्ढा खोदकर दबाया गया। साथ ही कच्चे माल और तैयार पनीर के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
उरला की डेयरी में भी मिली गड़बड़ी
टीम ने उरला के कन्हेरा रोड स्थित SJ डेयरी प्रोडक्ट पर भी छापा मारा। यहां भी गंदगी मिलने पर 500 किलो पनीर जब्त कर नष्ट किया गया।
मिल्क पाउडर और तेल के टिन बरामद
जांच के दौरान दोनों फैक्ट्रियों से मिल्क पाउडर के बोरे और बड़ी मात्रा में तेल के टिन भी बरामद किए गए। इनका उपयोग नियमों के अनुरूप हुआ या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान हुआ विरोध
उरला में कार्रवाई के दौरान टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा, जिसके बाद कार्रवाई पूरी की गई।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में मिलावट या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों फैक्ट्री मालिकों से पूछताछ जारी है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


