रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: चक्रधरपुर मंडल में मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें रहेंगी रद्द और बदले मार्ग से चलेंगी
3 जुलाई से 17 नवंबर तक हर मंगलवार और शुक्रवार रहेगा मेगा ब्लॉक, बिलासपुर जोन की ट्रेनों पर पड़ेगा असर
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्यों के चलते 3 जुलाई से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार मेगा ब्लॉक रहेगा। इसके कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।
कई प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द
मेगा ब्लॉक के चलते विभिन्न तिथियों में निम्न प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा—
- हैदराबाद–रक्सौल एक्सप्रेस
- टाटानगर–इतवारी–टाटानगर एक्सप्रेस
- बिलासपुर–टाटानगर–बिलासपुर एक्सप्रेस
- सहित कुल 5 प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में 20 से 40 दिनों तक रद्द रखा जाएगा।
साउथ बिहार एक्सप्रेस आंशिक रूप से चलेगी
रेलवे के अनुसार 13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों में आरा से चलकर केवल राउरकेला तक ही जाएगी।
वहीं 13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग के बजाय राउरकेला से संचालित होगी। यानी दुर्ग और राउरकेला के बीच इस ट्रेन का संचालन प्रभावित रहेगा।
कुछ ट्रेनों का बदलेगा मार्ग
रेलवे ने बताया कि 18478 ऋषिकेश–पुरी उत्कल एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों में ईब–झारसुगुड़ा रोड–संबलपुर सिटी–कटक मार्ग से संचालित होगी।
इसके अलावा आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस भी कुछ तिथियों में कांड्रा–सीनी मार्ग से संचालित की जाएगी।
ट्रैक मरम्मत के लिए लिया गया निर्णय
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल के कंसबहाल–धारुआडीही सेक्शन में अप एवं डाउन लाइन पर ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे। इसी कारण मेगा ब्लॉक लिया गया है, जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सके।
यात्रियों को सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति, रद्दीकरण, मार्ग परिवर्तन अथवा समय में बदलाव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान असुविधा से बचा जा सके।



