लगातार बारिश के बीच कलेक्टर ने किया जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश, जिला प्रशासन और निगम की टीमें अलर्ट
रायगढ़, 21 जुलाई। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम रायगढ़ पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को शहर के बाढ़ एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पंचधारी एनीकट और नदी किनारे का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने सबसे पहले पंचधारी एनीकट पहुंचकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जलस्तर और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद नदी के दोनों किनारों तथा जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
निचली बस्तियों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान बड़े रामपुर, बालसमुंद तालाब क्षेत्र और मोदी नगर सहित अन्य निचले इलाकों में जल निकासी व्यवस्था का अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि लगातार बारिश को देखते हुए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए।
शहर को चार जोन में बांटकर निगरानी
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शहर को चार जोन में विभाजित किया गया है। जिंदल-पतरापाली, मुख्य शहर, जूटमिल तथा चक्रधर नगर क्षेत्र के लिए अलग-अलग अधिकारियों और इंजीनियरों की जिम्मेदारी तय की गई है।
मैदानी अमला लगातार कर रहा निगरानी
उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोन में तकनीकी विभाग के इंजीनियर, राजस्व विभाग के वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक तथा सफाई अमला तैनात है। बारिश शुरू होने के साथ ही सभी टीमें क्षेत्रवार जल निकासी व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं।
अब तक गंभीर जलभराव की स्थिति नहीं
प्रशासन के अनुसार, जिला प्रशासन और नगर निगम के बेहतर समन्वय तथा सतत निगरानी के कारण अब तक शहर में कहीं भी गंभीर जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। अधिकारियों को आगामी दिनों में भी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।



