
लगातार बिजली कटौती पर कांग्रेस का हल्लाबोल, CSPDCL दफ्तर पहुंचकर दी आंदोलन की चेतावनी
रायपुर, 24 मई 2026। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के दफ्तर पहुंचकर विरोध जताया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की खराब बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
बिजली समस्या दूर नहीं हुई तो जनप्रतिनिधियों के घर देंगे धरना
बैठक के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस भाजपा सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों के घरों के बाहर धरना प्रदर्शन करेगी।
बैठक में CSPDCL के रायपुर ईडी संजीव सिंह और शहर के विभिन्न जोन के मुख्य कार्यपालिक अधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने उठाए बिजली कटौती और लो-वोल्टेज के मुद्दे
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने शहर के अलग-अलग इलाकों में हो रही बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब बिजली सप्लाई का मुद्दा उठाया। नेताओं ने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली गुल होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
इस दौरान पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, शिव सिंह ठाकुर सहित शहर कांग्रेस के कई ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे।
पहले भी बिजली ऑफिस के बाहर किया था प्रदर्शन
इससे पहले भी बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय डगनिया बिजली कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे थे। उस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
धरना प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमित बिजली सप्लाई की मांग की थी। विकास उपाध्याय ने कहा था कि लगातार बिजली बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है और गर्मी में हालात बदतर हो गए हैं।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।


