
शादी का झांसा देकर 9 साल तक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 24 मई 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने करीब 9 वर्षों तक शादी का वादा कर युवती से शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर तमनार पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
2017 में हुई थी पहचान
जानकारी के अनुसार तमनार क्षेत्र की रहने वाली 27 वर्षीय युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि गांव के ही निवासी दीपक एक्का (31 वर्ष) से उसकी पहचान वर्ष 2017 में हुई थी। आरोपी ने युवती को प्रेम प्रस्ताव देकर शादी का वादा किया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
पीड़िता के मुताबिक फरवरी 2017 में जब उसके माता-पिता घर पर नहीं थे, तब आरोपी उसके घर पहुंचा और पहली बार शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा।
शादी की बात पर करता रहा टालमटोल
पीड़िता ने बताया कि कई बार शादी की बात करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। कुछ महीने पहले जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तब आरोपी ने साफ तौर पर शादी और साथ रखने से इनकार कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मामले में तमनार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के निर्देश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई : एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


