श्री सर्वेश्वरी समूह बगीचा में धूमधाम से मनाई गई अघोरेश्वर जयंती
बगीचा। श्री सर्वेश्वरी समूह बगीचा (औघड़ बाबा की तकिया) में अघोरेश्वर जयंती श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर पूरे दिन विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल पूजन एवं आरती के साथ हुई। इसके पश्चात सफल योनि का सामूहिक पाठ किया गया। पाठ के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच सूक्ष्म प्रसाद का वितरण किया गया।
इसके बाद समूह की महिला संगठन द्वारा सर्वेश्वरी बाल विद्या मंदिर के कक्षा 1 से 10वीं तक के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही विद्यालय के लगभग 100 बच्चों को पेन एवं कॉपी का वितरण किया गया।
संध्याकाल में पूरे आश्रम परिसर में दीप प्रज्वलित किए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा सोहर गीत तथा “अघोरान्ना परो मंत्र, नास्ति तत्वं गुरौ परम्” का सामूहिक कीर्तन किया गया। भक्तिमय वातावरण के बीच सामूहिक आरती संपन्न हुई।
कार्यक्रम के समापन पर रात्रि में सामूहिक प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसमें श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।











