सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक गिरफ्तार, हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई
बुजुर्ग को टक्कर मारकर 200 से 250 फीट तक घसीटने का आरोप, वाहन जब्त
रायगढ़, 22 जुलाई। खरसिया पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने जांच के दौरान मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ते हुए दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।
बुजुर्ग को मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की शाम खरसिया निवासी 73 वर्षीय कैलाश गर्ग मोटरसाइकिल से मंगल बाजार से राठौर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही स्कॉर्पियो (CG 13 AY 6539) ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद वाहन चालक मोटरसाइकिल को करीब 200 से 250 फीट तक घसीटता ले गया, जिससे कैलाश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त
मामले की जांच के दौरान खरसिया पुलिस ने आरोपी भीष्म कुमार यादव (34), निवासी ग्राम उपनी, थाना डभरा, जिला सक्ती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की। इसके बाद दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया।
नशे में वाहन चलाने का भी आरोप
पुलिस जांच में घटना के समय आरोपी के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी जोड़ी गई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार किसी की जान ले सकती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रखेगी।



