
रायगढ़. कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार से जिले में वैक्सीनेशन पूरी तैयारी के साथ शुरू हो गया है।इस दौरान कई सेंटरों के खुलने से पहले ही टीका के लिए लोग पहुंच गए थे, जिससे भीड़ को देखते हुए टोकन सिस्टम लागू किया गया है साथ ही राशन कार्ड के कैटगरी के आधार पर सेंटर भी अलग-अलग बनाया गया है, ताकि सेंटरों में ज्यादा भीड़ न हो।
जिले में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच वैक्सीनेशन का कार्य भी तिब्र गति से चलाया जा रहा है, हालांकि बिते दिनों 18 प्लस वालों के टीकाकरण शुरू होते ही कोर्ट में अर्जी लग गई थी, जिससे दो-चार दिन के लिए टीकाकरण बंद हो गया था, लेकिन शुक्रवार को कोर्ट के आदेश के बाद जिले में शनिवार से टीकाकरण शुरू किया गया है। इस दौरान शासन द्वारा राशन कार्ड के कैटगरी के आधार पर अलग-अलग वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया है। ताकि लोगों को भीड़ का सामना न करना पड़े, लेकिन शनिवार को सुबह एपीएल के लिए बने सेंटरों में काफी भीड़ देखी गई। हालांकि शासन द्वारा टोकन सिस्टम लागू किए जाने के कारण जिनको टोकन मिला वही लोग सेंटर में रुके, बाकी लोगों को दूसरे दिन बुलाया गया है।
18 प्लस के लिए शहर में बने छह सेंटर
इस संंबंध में सीएचएमओ डॉ. एसएन केशरी ने बताया कि शनिवार से जिले में टीकाकरण का कार्य शुरू किया गया है। इसके लिए राशन कार्ड के आधार पर 6 सेंटर बनाया गया है। जिसमें भूपदेवपुर स्कूल और सिंधु भवन में एपीएल कार्डधारियों का होगा टीकाकरण, मांगलिक भवन कबीर चौक और पुत्रीशाला स्कूल में बीपीएल कार्डधारियों का लगा टीका, इसके साथ ही ललीत पाठशाला और इंदिरा गांधी स्कूल सत्तीगुढ़ी चौक में अंत्योदय राशन कार्डधारियों का टीका लगाया गया। वहीं अधिकारियों ने बताया कि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े इस कारण अलग-अलग सेंटर बनाया गया है।
एपीएल सेंटरों में ज्यादा दिखी भीड़
शनिवार को सुबह १० बजे से टीकाकरण केंद्र खुलना था, लेकिन शहर के सिंधु भवन और भूपदेवपुर स्कूल में एपीएल कार्डधारी सुबह ९ बजे से ही पहुंच कर लाईन लगा दिए थे। हालांकि इन सेंटरों में वैक्सीन की करीब १५०-१५० डोज पहुंचा था, इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल लोगों को टोकन जारी कर अपनी पारी के इंतजार के लिए बोला गया, वहीं जिन लोगों को टोकन नहीं मिल सका उन्हें दूसरे दिन आने के लिए गया है। हालांकि सिंधु भवन में पूरे समय लोगों की लाईन देखी गई।
लोगों में दिखा उत्साह
शनिवार को वैक्सीनेंशन सेंटर में पहुंचे लोगों से बात की गई तो उनका कहना था कि शासन के निर्देश के अनुसार पहले आओ और पहले पाओ की तर्ज पर सुबह से ही पहुंच गए हैं। इस दौरान कई युवाओं का कहना था कि जीवन रक्षक टीका सभी के लिए जरूरी है। ऐसे में सभी राशन कार्डधारियों को एक साथ टीका मिलने से खुशी है। इस दौरान दोपहर तक सिंधु भवन में ६० लोगों को टीका लगा था, तो ललीत पाठशाला में २०, व इंदिरा गांधी स्कूल में २२ लोगों ने पहला डोज ले लिए थे।




