सारंगढ़ : कलेक्ट्रेट परिसर में ‘बिहान कैंटीन’ का शुभारंभ
स्व-सहायता समूह की महिलाएं करेंगी संचालन, पारंपरिक व्यंजनों के साथ मिलेगा स्वरोजगार को बढ़ावा
सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर कार्यालय परिसर, सारंगढ़ में सोमवार को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत संचालित ‘बिहान कैंटीन’ का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान कलेक्टर और अन्य अतिथियों ने महिलाओं के साथ गैस चूल्हा जलाकर व्यंजन निर्माण की शुरुआत भी की।
डिजिटल भुगतान को किया प्रोत्साहित
शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी तथा अन्य अतिथियों ने कैंटीन से छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन ठेठरी, खुर्मी और अइरसा का ऑर्डर दिया तथा डिजिटल माध्यम से भुगतान कर महिलाओं को डिजिटल लेन-देन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार
कैंटीन का संचालन जय माँ शारदा स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य कलेक्ट्रेट आने वाले नागरिकों और कर्मचारियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण चाय-नाश्ता उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देना है।
पारंपरिक व्यंजनों की रहेगी उपलब्धता
बिहान कैंटीन में ठेठरी, खुर्मी, अइरसा, फरा, बड़ा, भजिया, मुंगौड़ी, कटलेट, अंकुरित चना, आलू पराठा, पनीर पराठा, चीला, भेल, चाय, कॉफी सहित विभिन्न छत्तीसगढ़ी और अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध रहेंगे। सभी व्यंजन स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्वच्छता और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए तैयार किए जाएंगे।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल, बिहान मिशन से संजू पटेल, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


