सारंगढ़: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय मार्च, बाबा साहेब की प्रतिमा पर कैंडल जलाकर किया समापन
जिला कांग्रेस के नेतृत्व में निकली रैली, नेताओं ने छात्रों के आंदोलन को बताया जीत का कारण
सारंगढ़। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सारंगढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय मार्च निकाला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे छात्र आंदोलन की जीत बताते हुए शहर में रैली निकाली।
जय स्तंभ चौक से शुरू हुआ विजय मार्च
विजय मार्च की शुरुआत शहर के जय स्तंभ चौक से कैंडल जलाकर की गई। इसके बाद रैली जय स्तंभ चौक, मिलन चौक, बीरपारा चौक और तुर्की तालाब गार्डन होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय पहुंची। यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कैंडल जलाकर मार्च का समापन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “महात्मा गांधी अमर रहें”, “जय भीम” और “सत्यमेव जयते” के नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि घनश्याम मनहर ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा संघर्षरत छात्रों की जीत है। कांग्रेस नेताओं सूरज तिवारी और संजय दुबे ने कहा कि छात्र आंदोलन का असर केंद्र सरकार पर साफ दिखाई दिया।
छात्र नेता गोल्डी नायक ने कहा कि जब-जब छात्रों ने बड़े आंदोलन किए हैं, तब-तब सरकारों को झुकना पड़ा है। युवा कांग्रेस नेता शुभम वाजपेई और छात्र नेता अभिषेक शर्मा ने भी छात्रों के आंदोलन को लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया।
विधायक उत्तरी जांगड़े ने छात्रों के संघर्ष को किया नमन
कार्यक्रम में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने कहा कि छात्रों के लंबे संघर्ष के बाद सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार और राकेश पटेल ने विजय मार्च में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्रों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


