
बलौदाबाजार,
फागुलाल रात्रे, लवन।
फागुलाल रात्रे, लवन।
जल ही जीवन है। जल के बिना सब सूना है। पानी बचाओ अभियान चलाने के बजाय नगर पंचायत द्वारा लगाए गए टोटी विहीन सार्वजनिक नलो से सैकड़ो लीटर पानी रोज व्यर्थ बह जा रहा है। पानी की बर्बादी को रोकने वाला कोई नहीं है। नगर पंचायत लवन के द्वारा मुख्य मार्ग पर लगाए गए सार्वजनिक नलों में अधिकांश नल टोटी विहीन है। नल चलने पर इन नलों से व्यर्थ पानी बहता रहता है। जल ही जीवन है, जल है तो कल है। भविष्य के लिए पानी बचाएं व इसी तरह के कई मुहावरे जो हर रोज प्रशासन आम आदमी तक पहुंचाता है। यह सभी वाक्य हर रोज व्यक्ति किसी न किसी प्रकार देख व सून रहा है, लेकिन इनका पालन न ही स्थानीय प्रशासन कर रहा है और न ही आम नागरिक। मुख्य मार्ग में लगे सार्वजनिक नलो व तहसील, बाजार चौक में लगे बिना टोटी नल को देखकर जाना जा सकता है कि इन मुहावरे का कितना असर लोगों पर हो रहा है। इसके लिए शासन-प्रशासन की तरफ से न तो पहल की गई और ही लोगों को जागरूक करने कोई अभियान चलाया गया। काफी दिनों तक एक ही जगह पर व्यर्थ पानी बहने की वजह से आसपास पानी का जमाव होता है जो कि धीरे-धीरे बीमारियों का कारण बनता है। वही इस वजह से गंदगी फैलती है और मच्छरों का प्रकोप भी दिनोदिन बढ़ता जा रहा है। जिसकी वजह से लोगों की परेशानियां बढ़ती ही जा रही है।
नगर पंचायत लवन में 15 वार्ड है, जिसमें मुख्य मार्ग सहित वार्डो में नगर पंचायत के द्वारा लोगों की सुविधाओं के लिए सार्वजनिक नल लगाये है, लेकिन इन सार्वजनिक नलों में से अधिकांश नल टोटी विहीन है, सुबह पानी चालू होने पर पानी भरने वाला कोई नहीं होने व मुख्य मार्ग के किनारे लगे दुकानें भी सुबह बंद होने की वजह से पानी का उपयोग नहीं हो पाता है। वही पानी बचाने के प्रति नागरिकों में जागरूकता की कमी के चलते सुबह शांम नल से पानी सप्लाई के समय नगर के मुख्य मार्ग, तहसील, बाजार चौक में लगी सार्वजनिक नल में व्यर्थ पानी बहते देखा जा सकता है। यदि इसी तरह पानी की बर्बादी जारी रही तो आने वाले समय में नगर में गंभीर पेयजल संकट हो सकता है। बिना टोटी के नल से व्यर्थ बहते पानी का नजारा देखकर ऐसा लगा कि नगर के जिम्मेदार नागरिक सुरक्षित भविष्य के लिए पानी बचाने गंभीर नहीं है। नगर पंचायत पानी की बर्बादी पर नागरिकों की लापरवाही बताकर अपना पल्ला झाड़ रहा है।



