सुकमा में नक्सलियों के बड़े हथियार डंप का भंडाफोड़, 23 हथियार और 492 जिंदा कारतूस बरामद
सुकमा। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। भेज्जी थाना क्षेत्र के भंडारपदर और मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए बड़े हथियार डंप का पता लगाया। यहां से हथियारों के साथ बड़ी मात्रा में कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
डीआरजी और बस्तर फाइटर्स ने चलाया सर्च ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान जंगल में छिपाए गए डंप का पता चला।
डंप से 23 हथियार बरामद
सुरक्षा बलों को डंप से कुल 23 हथियार मिले। इनमें SLR रायफल, .315 बोर रायफल, .410 मस्केट, BGL लॉन्चर, सिंगल शॉट रायफल, देशी कट्टा, 12 बोर रायफल और भरमार बंदूकें शामिल हैं।
492 जिंदा राउंड और BGL सामग्री भी मिली
हथियारों के अलावा 492 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इनमें AK-47, SLR, INSAS, .303, .315 और 12 बोर के राउंड शामिल हैं। इसके साथ BGL कारतूस और बड़ी संख्या में खाली खोखे भी मिले।
240 जिलेटिन स्टिक और 18 किलो गन पाउडर बरामद
सर्चिंग के दौरान 240 जिलेटिन स्टिक, करीब 18 किलो गन पाउडर, 40 टाइगर बम पटाखे, 5 देशी हैंड ग्रेनेड समेत अन्य विस्फोटक सामग्री भी मिली। BGL से संबंधित कई प्रकार की सामग्री भी डंप से बरामद की गई है।
नक्सली वर्दी और अन्य सामान भी मिला
डंप से काली वर्दी, कमर पाउच, बेल्ट, मंकी कैप, पिट्टू बैग, सोलर प्लेट, दवाइयां और दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद हुई है।
31 मार्च के बाद सुकमा में इतनी बड़ी बरामदगी पहली बार
सुकमा पुलिस के मुताबिक, 31 मार्च 2026 के बाद जिले में पहली बार एक साथ इतनी बड़ी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर जंगलों में छिपाए गए पुराने डंप की तलाश आगे भी जारी रहेगी।











