छत्तीसगढ़

सुकमा में विस्फोटक नष्ट करने के दौरान ब्लास्ट, CRPF के 4 जवान घायल

सुकमा, 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में खराब और बचे हुए विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे में CRPF के चार जवान घायल हो गए, जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को कोंटा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

एलार्मडगु कैंप से 200 मीटर दूर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, घटना भेज्जी थाना क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास गुरुवार को हुई।

CRPF के कोंटा रेंज के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंपों में रखे खराब एवं बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) एलार्मडगु कैंप पहुंची थी।

टीम कैंप से कुछ दूरी पर निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया में जुटी थी। इसी दौरान एक विस्फोटक का अंश अचानक उड़कर पास में जा गिरा, जिसके बाद वहां ब्लास्ट हो गया।

ATT के ASI समेत दो जवान गंभीर घायल

हादसे में ATT टीम के ASI एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

वहीं ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं।

कोंटा अस्पताल में इलाज जारी

ब्लास्ट के तुरंत बाद सभी घायल जवानों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें शासकीय अस्पताल कोंटा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

नोट: उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह घटना विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया के दौरान हुई है। इसे फिलहाल नक्सली हमले या आईईडी हमले के रूप में नहीं बताया गया है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button