सुशासन तिहार 2026 के पहले शिविर में 63 आवेदन प्राप्त, त्वरित निराकरण के निर्देश

रायगढ़, 05 मई 2026: सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत पहले शिविर का आयोजन विनोबा नगर सामुदायिक भवन में किया गया। इस शिविर में वार्ड क्रमांक 21, 22, 23, 24, 47 एवं 48 के नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।


63 आवेदन प्राप्त, कई का मौके पर निराकरण शुरू

सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अधिकतर आवेदन सड़क एवं नाली निर्माण- मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास योजना और राशन कार्ड से संबंधित थे। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आवेदनों की प्राथमिक जांच कर तत्काल निराकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी।


हितग्राहियों को मिले प्रमाण पत्र और आवास स्वीकृति

शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो हितग्राहियों को आवंटन पत्र वितरित किए गए, वहीं दो लोगों को जन्म प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए, जिससे लाभार्थियों में खुशी का माहौल रहा।


विभिन्न विभागों के लगे स्टॉल

शिविर में नगर निगम, विद्युत, जल, स्वास्थ्य, राजस्व, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, संगवारी योजना और आधार सुधार से जुड़े विभागों के स्टॉल लगाए गए। इसके अलावा श्रम, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उद्योग केंद्र, महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग भी सक्रिय रहे।


जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

महापौर जयवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का त्वरित और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।


महापौर ने बताया शिविर का उद्देश्य

महापौर ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और नागरिकों के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं मिल सकें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो।


आयुक्त ने की आवेदनों की समीक्षा

शिविर के बाद आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने अधिकारियों की बैठक लेकर सभी आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन की समय पर ऑनलाइन एंट्री और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।


समन्वय और जवाबदेही पर जोर

आयुक्त ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि आपसी तालमेल से ही त्वरित निराकरण संभव है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Back to top button