क्राइमछत्तीसगढ़न्यूज़

सूरजपुर पुलिस ने अंधे डबल मर्डर का किया खुलासा कातिल गिरफ्तार

सूरजपुर। जिले में मां-बेटे की सनसनीखेज डबल मर्डर का पुलिस ने 12 दिन में खुलासा कर दिया है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतिका के स्कूल की सहकर्मी का पति निकला, जिसने 19 लाख रुपये के लोन के लालच में शिक्षिका रजनी बरेठ और उसके बेटे सुजल बरेठ की बेरहमी से हत्या कर दी थी।

पहले बेटे की लाश मिली, फिर मां की

दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को ग्राम महाबीरपुर के सरपंच महेश प्रसाद ने थाना जयनगर को सूचना दी कि महाबीरपुर कोरयाबारी नर्सरी जंगल के पास कच्ची सड़क किनारे नाली में एक अज्ञात व्यक्ति पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव मिला। शव की पहचान अविनाश बरेठ ने अपने भांजे सुजल बरेठ के रूप में की। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर और छाती पर वार कर हत्या करना पाया गया। इस पर थाना जयनगर में अपराध क्र. 308/2026 धारा 103(1) बीएनएस कायम हुआ।

इधर 11 अक्टूबर को अविनाश बरेठ ने थाना विश्रामपुर में सूचना दी कि उसकी बहन रजनी बरेठ अपने पुत्र सुजल के साथ ममता कॉलोनी केशवनगर में किराए के मकान में रहती थी, जो शिक्षिका थी। 9 अक्टूबर से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। जब पुलिस के साथ 11 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे किराए के मकान का ताला तोड़कर अंदर गए तो बाथरूम में रजनी का शव पड़ा मिला। पीएम में गला दबाकर हत्या करना पाया गया। थाना विश्रामपुर में अपराध क्र. 257/2026 धारा 103(1) बीएनएस दर्ज हुआ।

सीसीटीवी और कार नंबर से खुला राज

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल की स्वयं मॉनिटरिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम और साइबर सेल अंबिकापुर ने जांच शुरू की।

शहर के सीसीटीवी खंगाले गए तो मृतिका के मकान ममता कॉलोनी में काले टी-शर्ट और सफेद गमछा ओढ़े एक व्यक्ति काफी देर तक रुकता दिखा। एक अन्य फुटेज में वही व्यक्ति विश्रामपुर के कार वाशिंग सेंटर पर कार धुलवाने पहुंचा था। फुटेज से कार का नंबर CG 15 EG 7101 पता चला। कार मालिक के पते पर रेड करने पर संदिग्ध प्रवेश कुमार मिला, जिसने पूछताछ में दोनों हत्याएं स्वीकार कर ली।

लोन के पैसे के लालच में की हत्या

आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और रजनी दोनों एक ही स्कूल में शिक्षिका हैं, इसलिए उसका घर आना-जाना था। आरोपी ने मोटर्स-पार्ट्स व्यवसाय के लिए 20 लाख का लोन लिया था और उसे पैसों की जरूरत थी। उसे पता था कि रजनी 19 लाख का लोन लेने वाली है और पैसा उसके खाते में आने वाला है।

9 अक्टूबर दोपहर को आरोपी कार धुलवाने के बहाने वाशिंग सेंटर गया और पैदल रजनी के घर गया। उस वक्त घर में सुजल था। आरोपी ने मोबाइल चार्जर मांगा, फिर चला गया और दोबारा आकर काफी देर रुका। शाम को रजनी ड्यूटी से आई, सुजल ट्यूशन चला गया। इसके बाद आरोपी ने रजनी से पैसे मांगे, रजनी ने मना कर दिया। झूमा-झटकी में आरोपी ने स्टील की पानी बॉटल से सिर पर मारा। रजनी मेन गेट की ओर भागी तो उसे खींचकर बाथरूम ले गया। वहां रजनी ने शैंपू की बोतल मारी तो आरोपी ने पैर से करीब 10 मिनट तक गला दबाकर हत्या कर दी। सामान व्यवस्थित कर रजनी का स्टोल लेकर निकल गया।

साक्ष्य मिटाने बेटे को भी मार डाला

सुजल को पता था कि घर पर उसकी मां और आरोपी थे, इसलिए वह किसी को न बता दे, इस डर से आरोपी ने सुजल को मारने की योजना बनाई। मुंह में सफेद गमछा बांधकर हेलमेट पहनकर रजनी की स्कूटी लेकर निकला, नायरा पेट्रोल पंप के आगे स्कूटी खड़ी कर झाड़ियों में हेलमेट फेंक दिया। वापस वाशिंग सेंटर आकर कार लेकर रजनी के घर जाने वाले तिराहे पर करीब 1 घंटे इंतजार किया।

रात करीब 9 बजे सुजल घर आया तो आरोपी ने कहा तेरी मम्मी मेरे घर पर है। दोनों कार से कुम्दा होते हुए अंबिकापुर ले गया, मैगी खिलाई और राई जंगल में बाथरूम के बहाने कार से उतरा, गेट खोलकर सुजल के गले को स्टोल से कसा, 2-3 मुक्के मारे। सुजल भागने लगा तो सड़क किनारे सीमेंट खंभे के टुकड़े से सिर व सीने में मारकर हत्या कर दी। शव को कार में रखकर ठिकाने लगाने कई जगह तलाशा और कालीघाट जाकर शव और चुन्नी फेंक दी।

ससुराल से बरामद हुए गहने और दस्तावेज

घटना के बाद सुजल के 2 मोबाइल अपने घर विश्रामपुर के किचन के दराज में और रजनी का 1 मोबाइल अंबिकापुर स्थित ससुराल में छुपा दिया। पुलिस ने आरोपी के घर से सुजल के 2 मोबाइल और ससुराल से रजनी का मोबाइल सिम सहित, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, एटीएम कार्ड और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।

आरोपी ने घटना में प्रयुक्त कार को जयनगर स्थित कार वाशिंग सेंटर में धुलवाया और खून लगी मैट को जला दिया। आरोपी की निशानदेही पर ग्राम राई जंगल से मृतक का 1 पैर का चप्पल, घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार, सीमेंट खंभा का टुकड़ा और मृतिका के सिर में प्रहार करने वाली स्टील की पानी बॉटल जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी: परवेश उर्फ प्रवेश कुमार पिता गुरदित मल, उम्र 36 वर्ष, निवासी राजीव कॉलोनी कैथल रोड करनाल हरियाणा, वर्तमान पता चोपड़ा कॉलोनी विश्रामपुर।

Show More
DINESH DUBEY

DINESH DUBEY

REPORTER
Back to top button