सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से खुला वन्यजीव शिकार का मामला, पांच आरोपी गिरफ्तार

दुर्लभ प्रजाति के गोह सहित अन्य वन्यजीवों का शिकार करने का आरोप, सभी आरोपी जेल भेजे गए

धमतरी, 09 जुलाई। धमतरी जिले के बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में आरोपी दुर्लभ प्रजाति के गोह (मॉनिटर लिजर्ड) सहित अन्य वन्यजीवों का शिकार करते दिखाई दे रहे थे।

वन विभाग के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद उसकी जांच शुरू की गई और तकनीकी एवं स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में पता चला कि सभी आरोपी कांकेर जिले के नरहरपुर क्षेत्र के निवासी हैं। आरोप है कि उन्होंने बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र के जंगल में वन्यजीवों का शिकार किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था।

गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार टेकाम, घसिया, प्रदीप नेताम, शैलेन्द्र कुमार यादव और शिवानंद मरकाम शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम भनसुली, तहसील नरहरपुर, जिला कांकेर के निवासी बताए गए हैं।

वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जिला प्रशासन और वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार, तस्करी और वन कानूनों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।

Back to top button