हत्या की साजिश और हथियार सप्लाई मामले में 5 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से दबोचा गया

बिलासपुर। हत्या की साजिश रचने और अवैध हथियार उपलब्ध कराने के मामले में पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को बिलासपुर पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में सरकंडा थाना क्षेत्र में अपराध दर्ज किया गया था।

पेट्रोलिंग के दौरान मिला था इनपुट

पुलिस के अनुसार 23 अक्टूबर 2021 को पेट्रोलिंग के दौरान तत्कालीन सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक परिवेश तिवारी को सूचना मिली थी कि बंगालीपारा गली नंबर-3 के पास कुछ युवक किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी थी।

पूछताछ में सामने आई हत्या की साजिश

कार्रवाई के दौरान नेवसा निवासी सुमेश कश्यप को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने साथियों रॉकी उर्फ करण कश्यप और किशन कश्यप के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते नेवसा निवासी मोंटी कश्यप की हत्या की योजना बना रहा था।

ओडिशा से मंगवाए थे हथियार

जांच में पता चला कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए ओडिशा के राजगांगपुर निवासी कुंदन सागर से देसी कट्टा और कारतूस मंगवाए थे। आरोपी मोंटी कश्यप की हत्या के लिए अवसर तलाश रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस की कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई।

देसी कट्टा और कारतूस हुए थे बरामद

तत्कालीन कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुमेश कश्यप के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया था। वहीं रॉकी उर्फ करण कश्यप के पास से भी एक कारतूस जब्त किया गया था। मामले में अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

पांच साल से फरार था मुख्य आरोपी

पुलिस के अनुसार हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी कुंदन सागर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

ओडिशा से गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

मोपका चौकी पुलिस की टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर ओडिशा के राजगांगपुर से आरोपी कुंदन सागर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

फिलहाल, पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Back to top button