हरदीबाजार : सावन के प्रथम सोमवार पर शांति नगर शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और सामूहिक आरती के साथ भक्तों ने लिया भगवान शिव का आशीर्वाद
हरदीबाजार। सावन माह के प्रथम सोमवार पर क्षेत्र के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हरदीबाजार के शांति नगर स्थित स्वर्गीय श्रीमती कंचन बाई राठौर की स्मृति में निर्मित शिव मंदिर में भी सुबह 6 बजे से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का शुद्ध जल, गाय के दूध, दही, पंचामृत, बेलपत्र, धतूरा, आंक के फूल, कनेर, अपराजिता, मंदार, दूब, अक्षत, मौसमी फल और मिठाई अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद सामूहिक शिव आरती और स्तुति गायन कर भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर मंदिर संयोजक राजाराम राठौर ने सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और सावन के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।


