हरिद्वार : गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत, सभी शव बरामद

एक साथी को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगनहर में नहाने के दौरान चार कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई। लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ और पुलिस ने चारों के शव बरामद कर लिए हैं।

एक को बचाने उतरे, चारों डूब गए

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी कांवड़िए चंडीगढ़ के रहने वाले थे और गंगाजल लेकर लौट रहे थे। ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास नहाते समय एक युवक गहरे पानी में फंस गया। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण चारों डूब गए।

रेस्क्यू के बाद मिले सभी शव

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। कई घंटे की तलाश के बाद चारों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

प्रशासन की अपील

हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। प्रतिबंधित या गहरे जल वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, क्योंकि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Back to top button