यूक्रेन से चार दिन की लंबी यात्रा कर लौटी कोरबा की रिया : लंबी ट्रेन यात्रा के बाद हवाई मार्ग से लौटी छात्रा
कोरबा।
4 दिन की लंबी और उबाऊ यात्रा के बाद कोरबा की रहने वाली रिया पुरोहित आखिरकार यूक्रेन से वापस आ ही गई। परिवार ने उसे चिकित्सा की पढ़ाई की तैयारी के लिए यूक्रेन भेजा था। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था इसी बीच वहां पर समस्या पैदा हो गई और आखिरकार दूसरे देश ने हमले शुरू कर दिए। रिया ने बताया कि पश्चिमी क्षेत्र में होने के कारण के उनके सामने समस्याएं ज्यादा नहीं थी। हमले दूसरे इलाके में हो रहे हैं, लेकिन फिर भी डर तो हर किसी के भीतर बना ही है। स्थिति बिगड़ने पर मैंने तय कर लिया था कि हर हाल में अपने देश लौटना है। हॉस्पिटल मैनेजमेंट के व्यवसाय से जुड़े रिया के पिता सुनील पुरोहित ने यूक्रेन संकट को लेकर बताया कि कई राज्यों में स्थिति विकराल है। उनकी पुत्री पश्चिमी क्षेत्र में पढ़ाई कर रही है। 13 -13 छात्रों का बेच बनाया गया है। सुनील ने बताया कि यूक्रेन सरकार के रवैए के कारण दूसरे देश के लोग परेशान हैं। वापसी में दिक्कतें होने के कारण आखिरकार हमने अपनी बेटी को वापस बुला लिया। उसके साथ रहने वाली मध्यप्रदेश के सतना, महाराष्ट्र के कोल्हापुर और कर्नाटक के बेंगलुरु की 3 छात्राएं अभी भी यूक्रेन में फ़सी हुई हैं। रिया की वापसी होने से उसकी मां कनक पुरोहित प्रसन्न जरूर हैं लेकिन उन्हें इस बात का दुख है कि उसकी सहपाठी छात्राएं और दूसरे लोग संकट में हैं।



