अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी पर सारंगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 103 किलो गांजा समेत ₹89.75 लाख का माल जब्त
एसपी सुनील शर्मा ने प्रेसवार्ता में किया खुलासा, दो मामलों में 8 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
सारंगढ़-बिलाईगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सारंगढ़ पुलिस और एएनटीएफ टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 103.11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा और वाहनों सहित कुल कीमत ₹89.75 लाख आंकी गई है। मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। इसका खुलासा एसपी सुनील शर्मा ने प्रेसवार्ता में किया।
पहला मामला: आयशर वाहन से 39.76 किलो गांजा बरामद
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजे की बड़ी खेप लेकर एक नारंगी-लाल रंग का आयशर वाहन भंवरपुर मार्ग और बेलाटुला रोड होते हुए बिलासपुर की ओर जा रहा है। सूचना पर चौकी बेलादुला पुलिस एवं एएनटीएफ टीम ने तेंदूदरहा के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
पूछताछ में चालक ने गांजा बलांगीर (उड़ीसा) से उत्तर प्रदेश ले जाना कबूल किया। वाहन की तलाशी में पीछे रखी लोहे की अलमारी के अंदर भूरे टेप में लिपटे 35 पैकेटों में 39.76 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने अनुज कुमार गौतम (31) निवासी भरथरी, जिला जौनपुर और टिंकू वर्मा निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। इस मामले में जब्त सामग्री की कीमत करीब ₹45.20 लाख है।
दूसरा मामला: फिल्मी स्टाइल में पीछा कर 63.35 किलो गांजा जब्त
दूसरी कार्रवाई थाना भटगांव क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान हुई। सारंगढ़ की ओर से आ रही एक सफेद ऑल्टो कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक फरार हो गया। उसके पीछे आ रही दूसरी सफेद कार का चालक भी स्टॉपर को टक्कर मारकर बिर्रा-जांजगीर की ओर भाग निकला।
जांजगीर पुलिस से समन्वय कर टीम ने गिरवानी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा। तलाशी में कार से 4 प्लास्टिक बोरियों में रखा 63.350 किलो गांजा मिला। पुलिस ने सुनील बेलदार, अरविंद कुमार ठाकुर, सुरेंद्र यादव, सागर सिंह और मेहताब अहमद को गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में जब्त माल की कीमत करीब ₹44.55 लाख है।
पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।


