भाई को बंधक बनाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

वाड्रफनगर पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर थाना क्षेत्र में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने युवती के फुफेरे भाई को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय युवती अपने फुफेरे भाई के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने युवक को बंधक बना लिया और युवती को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता और उसके परिजनों द्वारा वाड्रफनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है तथा उसके बयान दर्ज किए हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

Back to top button