अग्निपथ’ पर फेक न्यूज फैलाने वाले 35 WhatsApp ग्रुप बैन, Fact Check के लिए इस नंबर पर करें संपर्क

नई दिल्ली: केंद्र की मोदी सरकार ने रविवार (19 जून 2022) को ‘अग्निपथ’ योजना को लेकर फर्जी जानकारी फैलाने वाले 35 व्हॉट्सएप ग्रुप्स पर बैन लगा दिया है। वहीं, कुल 10 लोग अब तक सरकार की नई योजना पर झूठी जानकारी प्रसारित करने और युवाओं को गुमराह करने के आरोप में अरेस्ट भी किए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में टेलिकॉम मंत्रालय के हवाले से जानकारी दी है कि केंद्र सरकार ने लोगों को आगाह किया है कि ऐसी भ्रांतियाँ फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी 50 के लगभग व्हॉट्सएप ग्रुप को भी खंगाला जा रहा है। गृह मंत्रालय ने बताया है कि केंद्र ने व्हॉट्सएप फैक्ट-चेकिंग के लिए 8799711259 नंबर जारी किया है।

वहीं, गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट की तरफ से प्रदर्शन की आड़ में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई है। अपर पुलिस उपायुक्त कानून एवं व्यवस्था आशुतोष द्विवेदी ने बताया है कि उन्हें सोशल मीडिया से पता चल रहा है कि 20 जून को कुछ असामाजिक तत्व भारत बंद और दिल्ली कूच करने के नाम पर कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। गौतमबुद्ध नगर में धारा 144 लागू है। यदि फिर भी किसी ने कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। ये लोग अग्निपथ योजना के विरुद्ध युवाओं को भड़काने का काम कर रहे थे। हालाँकि, जब पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया और अपनी जाँच की तो पाया कि ये लोग किसी सियासी दल से जुड़े हुए थे।

बता दें कि अग्निपथ योजना का सबसे अधिक विरोध बिहार में देखने को मिला था। ऐसे में बिहार सरकार ने 17 जून को सुरक्षा लिहाज से व झूठी जानकारी को फैलने से रोकने के लिए 12 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी थी। इसके साथ ही पकड़े गए प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन की जाँच में पाया था कि इन प्रदर्शनों में कोचिंग संस्थानों की भी भूमिका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button