अदाणी पावर की 1600 मेगावाट विस्तार परियोजना को जनसुनवाई में मिला व्यापक समर्थन

रायगढ़, 13 जुलाई। अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की प्रस्तावित 1600 मेगावाट क्षमता की फेज-3 विस्तार परियोजना के लिए सोमवार को ग्राम सुपा, तहसील पुसौर में आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई व्यापक जनभागीदारी और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। जनसुनवाई में परियोजना प्रभावित 29 ग्राम पंचायतों के करीब एक हजार ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकांश वक्ताओं ने परियोजना के पक्ष में अपनी बात रखते हुए इसे क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के प्रावधानों के तहत आयोजित जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने की। इस दौरान छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी मानवेंद्र शेखर पाण्डेय, एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा तथा सहायक कलेक्टर गोकुल आर. के. भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई की पूरी प्रक्रिया प्रशासन और पर्यावरण संरक्षण मंडल की निगरानी में निर्धारित नियमों के अनुरूप सम्पन्न हुई।

जनसुनवाई के दौरान अदाणी पावर लिमिटेड के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने प्रस्तावित फेज-3 परियोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक, पर्यावरण संरक्षण उपायों, वायु गुणवत्ता प्रबंधन, जल संरक्षण, फ्लाई ऐश प्रबंधन, हरित विकास, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों के सवालों और सुझावों का जवाब दिया।

कार्यक्रम के दौरान कई ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि परियोजना के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही परिवहन, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

जनसुनवाई में बरपाली के सरपंच संजय मैत्री, मिरौनी की सरपंच मीना पटेल, सेमरा के सरपंच गुलाबराम डनसेना, घुघुवा के सरपंच जगन्नाथ चौहान, सरवानी के फणीन्द्र सिदार, अमलीभौना के ओसराम सिदार, सुपा के सरपंच अनिरुद्ध सिदार तथा बूंगा के उपसरपंच दीनबंधु सिदार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अदाणी पावर लिमिटेड और अदाणी फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, पेयजल, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से आसपास के गांवों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजना के विस्तार के साथ विकास और जनकल्याण की गतिविधियां और बढ़ेंगी।

अदाणी पावर लिमिटेड ने आश्वस्त किया कि परियोजना के सभी कार्य पर्यावरणीय मानकों और वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए किए जाएंगे। कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, स्थानीय रोजगार और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Back to top button