रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिवंगत पंचायत शिक्षकों की विधवा महिलाएं अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर 41 दिन से बूढ़ातालाब में अनिश्चितकालीन आंदोलन पर हैं. इन सबके बीच स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने आंदोलन की 41 दिन के बाद संज्ञान लिया है. मंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखा है.
मंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिक्षाकर्मी वर्ग के आश्रित सदस्यों को अनुकंपा नियुक्ति के लिए अनुरोध किया है. अनुकंपा नियुक्ति नियम को शिथिल करने का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि मृत शिक्षकों के परिवार को भरण पोषण में दिक़्क़तें हो रही है.
बता दें कि विधवा महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी पिछले 5 दिन से क्रमिक भूख हड़ताल पर हैं. प्रदेश भर के करीब 1 हजार परिवार पिछले 13 साल से अनुकंपा नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं. बच्चे अपनी मां से पूछते हैं कि घर कब आओगी. विधवा महिलाओं का कहना है कि धरना स्थल से नियुक्ति पत्र लेकर जाएंगे या फिर यही धरना देकर प्राण त्याग देंगे.
