अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई: शासकीय प्राथमिक शाला साजा के प्रधान पाठक निलंबित
बेमेतरा, 25 अगस्त 2026
जिला बेमेतरा में शिक्षा विभाग ने अनुशासनहीनता के मामले में कड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड साजा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला साजा के प्रधान पाठक त्रिभुवन दास वैष्णव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री वैष्णव पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के कर्तव्य से लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। इस दौरान उनके द्वारा शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचाने तथा समझाइश देने पहुंचे पुलिस अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करने की शिकायत प्राप्त हुई थी।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा विभाग ने उनके उक्त आचरण को विभागीय गरिमा, शासकीय सेवक की प्रतिष्ठा एवं छवि के विपरीत माना है। जांच में उनका कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उपनियम (1), (2), (3) एवं नियम 23 के स्पष्ट उल्लंघन में पाया गया है, जिसे कदाचरण की श्रेणी में रखा गया है।
इसी आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी, बेमेतरा द्वारा श्री वैष्णव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़ निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।











