अब सरगुजा में सिंहदेव : गांव-गांव जाकर देखेंगे अपने विभाग का काम-काज, करेंगे समीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के प्रदेश दौरे का दूसरा चरण शनिवार से शुरू हो गया है। वे अंबिकापुर और रायगढ़ जिलों का यात्रा करेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री गांवों में चौपाल लगाकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग और वाणिज्यिक कर विभाग (GST) के कामकाज की जांच करेंगे। बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव का प्रदेश दौरा 4 मई से शुरू हुआ है। जिस दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरगुजा संभाग की विधानसभाओं से दौरा शुरू कर रहे थे, उसी दिन सिंहदेव बस्तर पहुंचे थे। 4 दिनों में चार जिलों की समीक्षा कर सिंहदेव वापस रायपुर लौट आए थे। उनका कहना था कि बरसात से पहले वे सभी जिलों में जाकर हालात का जायजा लेना चाहते हैं। अब इस यात्रा का दूसरा चरण आज से सरगुजा से शुरू हुआ है।

टीएस सिंहदेव आज जिला मुख्यालय पर आयोजित राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना की राशि अंतरण समारोह में शामिल होने के बाद आज अंबिकापुर जिले के ही सिरकोतगा और निम्हा में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव 22 मई को भी अंबिकापुर के गांवों में रहेंगे। सुबह 10.30 बजे वे मुड़गांव पहुंच जाएंगे। 12 बजे कुदरबसवार, 2.30 बजे ललाति और 3.45 बजे देवटिकरा जाने का कार्यक्रम है। यहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। 22 मई की शाम 7 बजे तक मंत्री सिंहदेव रायगढ़ पहुंच जाएंगे। यहां कांग्रेस के जिला कार्यालय राजीव भवन में वे क्षेत्रीय कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। उनसे रायगढ़ से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। रात में वे रायगढ़ के सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे। 23 मई को सुबह 10 बजे रायगढ़ सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेंगे। फिर सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक होगी। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रस्तावित बैठकों में रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज, जीएसटी, स्वास्थ्य विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button