
अवैध डीजल कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 610 लीटर डीजल जब्त; मुख्य आरोपी अब भी फरार
छुरिया। चिचोला पुलिस चौकी एवं डोंगरगढ़ डिवीजन की स्पेशल टीम ने अवैध रूप से डीजल का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 610 लीटर डीजल जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान अब भी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 06 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यूपी प्रतापगढ़ ढाबा (जुम्मन ढाबा), रामपुर (खातूटोला) स्थित पाटेकोहरा बैरियर के पास अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर ट्रक चालकों को बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केसरीनंदन नायक के निर्देशन में स्पेशल टीम और चिचोला पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी।
रेड के दौरान पुलिस को देखकर डीजल खरीदने आए कुछ लोग खेत और जंगल की ओर भाग निकले। मौके पर मौजूद बहादूर अली (50 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न जरीकेनों और प्लास्टिक केनों में भरा कुल 610 लीटर डीजल बरामद हुआ, जिसकी कीमत 62,830 रुपये आंकी गई। साथ ही डीजल बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत 63,330 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में बहादूर अली ने बताया कि वह जुम्मन ढाबा में मैनेजर के रूप में कार्य करता है तथा डीजल की खरीद-बिक्री और भंडारण का काम देखता है। डीजल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर उठ रहे सवाल?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर क्यों है? पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश जारी है, लेकिन क्षेत्र में गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
गौरतलब है कि जनवरी 2026 में भी जुम्मन ढाबा का नाम कथित नकली केमिकल युक्त यूरिया निर्माण और बिक्री के मामले में सामने आया था। उस समय चिचोला पुलिस ने लगभग 3 हजार लीटर नकली यूरिया जब्त कर कार्रवाई की थी। ऐसे में एक बार फिर उसी प्रतिष्ठान का नाम अवैध कारोबार के मामले में सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अवैध कारोबार के इस नेटवर्क के तार और पहुंच काफी बड़ी बताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में यह चर्चा जरूर है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
अब लोगों की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि मामले की गहराई से जांच की जाए तो अवैध डीजल कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क और उसे संरक्षण देने वाले लोगों का भी खुलासा हो सकता है।
चिचोला चौकी प्रभारी योगेश पटेल ने बताया कि पुलिस ने अवैध डीजल भंडारण एवं बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान फरार है, जिसकी तलाश जारी है।



