आंगनवाड़ी केंद्र बना अंधेरे का घरबाहर लगा बिजली मीटर अंदर न वायरिंग न पंखा-लाइट; गर्मी से बेहाल हो रहे नौनिहाल

किरंदुल। नगर के चटाईपारा स्थित सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र में बिजली व्यवस्था की बदहाली बच्चों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। केंद्र के बाहर बिजली का मीटर तो लगा हुआ है, लेकिन अंदर अब तक समुचित वायरिंग, लाइट और पंखे की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को गर्मी और अंधेरे के बीच समय बिताना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की नियमित गतिविधियों के साथ टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं भी संचालित होती हैं। ऐसे में बिजली की सुविधा नहीं होने से बच्चों के साथ-साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

टीकाकरण के दौरान भी परेशानी

केंद्र में टीकाकरण जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होने के बावजूद पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होना चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र में बिजली कनेक्शन उपलब्ध होने के बाद भी अंदर की वायरिंग और विद्युत उपकरणों की व्यवस्था नहीं की गई है।

तत्काल व्यवस्था की मांग

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि आंगनवाड़ी केंद्र में तत्काल विद्युत वायरिंग कराकर पंखे और पर्याप्त लाइट लगाई जाए, ताकि बच्चों को गर्मी और अंधेरे से राहत मिल सके तथा टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकें।

स्थानीय लोगों की दो टूक मांग है कि बच्चों के लिए बने आंगनवाड़ी केंद्र को अंधेरे में नहीं, बल्कि रोशनी और सुरक्षित वातावरण में संचालित किया जाए।

Back to top button