आंगन मिलन से मजबूत हुआ जनभागीदारी का रिश्ता, ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ का दिया संदेश

घोघर। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के तहत समुदाय की सहभागिता बढ़ाने और मातृ एवं बाल पोषण के प्रति जागरूकता मजबूत करने पर जोर दिया गया। ग्राम पंचायत घोघर के हाथामहुआ आंगनबाड़ी केंद्र में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संतुलित आहार और पोषण पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ विषय पर चर्चा की गई। बच्चों और माताओं के बेहतर पोषण के लिए संतुलित आहार, पोषण संबंधी आदतों और नियमित देखभाल की जानकारी दी गई।

महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं और बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ देकर प्रोत्साहित किया गया। उपस्थित महिलाओं और समुदाय के सदस्यों ने पोषण प्रतिज्ञा भी ली।

बच्चों और महिलाओं को कराया गया न्योता भोजन

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, बीडीसी, पंचगण और वरिष्ठ नागरिकों की मौजूदगी में ‘न्योता भोजन’ का आयोजन किया गया। इसमें 3 से 6 वर्ष तथा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को फल, पपीता, केला, खीर और पूरी सहित गर्म भोजन कराया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हितग्राहियों का सम्मान

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा पोषण संबंधी गतिविधियों में बेहतर सहभागिता करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। सेक्टर सुपरवाइजर मनोरमा टोप्पो ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के साथ मातृ एवं बाल पोषण को लेकर जागरूकता को मजबूत करना है।

Back to top button