अन्य

आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली ने मचाई तबाही, 39 लोगों की गई जान, सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सोमवार को आए आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली एवं डूबने से कुल 39 लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। यहां मंगलवार को जारी सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक आकाशीय बिजली से अलीगढ़, शाहजहांपुर, बांदा में एक-एक और लखीमपुर खीरी में दो लोगों की मौत हुई है।

वहीं, डूबने से गाजीपुर, कौशाम्बी में एक- एक, प्रतापगढ़ में दो तथा आगरा एवं वाराणसी में चार-चार लोगो की मौत हुई है। बयान के अनुसार आंधी-तूफान से जनपद अमेठी, चित्रकूट, अयोध्या, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर तथा जौनपुर में एक-एक, वाराणसी, बाराबंकी, अम्बेडकरनगर, बलिया, गोण्डा में दो- दो तथा कौशाम्बी व सीतापुर में तीन-तीन लोगो की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली एवं डूबने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने प्रदेश में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली तथा डूबने से हुई जनहानि, पशुहानि एवं मकान क्षति के दृष्टिगत राहत कार्य पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचक निधि से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये तथा घायलों एवं पशुहानि होने पर प्रभावितों को नियमानुसार राहत राशि तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।

Show More
Bhimsen Tiwari

Bhimsen Tiwari

Editor-in-Chief

भीमसेन तिवारी पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता, प्रिंट मीडिया और विज्ञापन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। समाचार संकलन, संपादन और रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव रखने वाले भीमसेन तिवारी तथ्यात्मक, निष्पक्ष और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के पक्षधर हैं। वर्तमान में वे 'आपकी आवाज़' (aapkiaawaz.net) के...

Back to top button