
महादेव बुक और रेड्डी अन्ना एप से आनलाइन सट्टा खिलाने वाले सट्टा किंग सतनाम सिंह ने स्मृति नगर पुलिस चौकी में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपित कुछ महीनों से पंजाब के अमृतसर जिले में छिपकर रह रहा था। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते उसने खुद ही आत्मसमर्पण किया है।
भिलाई। महादेव बुक और रेड्डी अन्ना एप से आनलाइन सट्टा खिलाने वाले सट्टा किंग सतनाम सिंह ने स्मृति नगर पुलिस चौकी में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपित सतनाम सिंह के बारे में जानकारी मिली थी कि वो महादेव बुक और रेड्डी अन्ना एप बनाने वाले सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के सीधे संपर्क में था। लेकिन, गिरफ्तारी के बाद उसने इन बातों से इनकार किया है।
आरोपित कुछ महीनों से पंजाब के अमृतसर जिले में छिपकर रह रहा था। उसके ठिकाने की जानकारी मिलने पर चार दिन पहले पुलिस ने वहां पर जाकर दबिश भी दी थी। लेकिन, आरोपित वहां भी गिरफ्त में नहीं आया था। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते उसने खुद ही आत्मसमर्पण किया है। बता दें कि सतनाम सिंह, निलंबित सिपाही सहदेव सिंह यादव का पार्टनर है।
पत्रकार वार्ता में मामले की जानकारी देते हुए एसपी डा. अभिषेक पल्लव, क्राइम डीएसपी नसर सिद्दीकी, भिलाई नगर सीएसपी निखिल राखेचा ने बताया कि दो सप्ताह पहले दिल्ली में जो दो पैनल पकड़े गए थे। वे सतनाम सिंह के थे। आरोपितों से जब्त की गई डायरी में सतनाम सिंह का नंबर मिला था। आरोपितों से की गई पूछताछ में ही सतनाम सिंह के ठिकाने के बारे में पता चला था।
इसके साथ ही 22 अक्टूबर को पुलिस ने कोहका में आनलाइन सट्टा खिलाते हुए तीन आरोपित मुकेश कुमार, दीपक और श्रीकांत को गिरफ्तार किया था। वहां जो पैनल मिला था। उसका संचालन 18 नंबर रोड स्थित आरजू मेडिकल स्टोर का संचालक नसीमुद्दीन कर रहा था। इसके साथ ही उस मामले में भी सतनाम सिंह की संलिप्तता की जानकारी मिली थी।
बताया जा रहा है कि आरोपित सतनाम सिंह का ठिकाना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम ने अमृतसर में जाकर दबिश दी थी।इसके बाद भी पुलिस के लगातार बन रहे दबाव से परेशान होकर उसने मंगलवार को खुद ही पुलिस के समक्ष जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।
जितेंद्र सोढ़ी नाम के माध्यम से लिए थे पैनल, फरार सन्नाी है चचेरा भाई
पूछताछ में आरोपित सतनाम सिंह ने पुलिस को जानकारी दी कि पंजाब के जालंधर जिले फगवाड़ा में रहने वाले जितेंद्र सोढ़ी के नाम के व्यक्ति के माध्यम से उसने महादेव बुक के पैनल लिए थे। उसने पंजाब में भी पैनल संचालित किया है। पूछताछ में आरोपित सतनाम सिंह ने यह भी बताया कि महादेव बुक के सट्टा में संलिप्त सन्नाी सरदार इसका चचेरा भाई है और अभी मुंबई में है। सतनाम सिंह ने अपने निलंबित सिपाही पार्टनर सहदेव सिंह के भी मुंबई में होने की जानकारी दी है।
आरोपित बोला, बदनामी सुनकर मां बीमार हो गई इसलिए आया सामने
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद सट्टा किंग सतनाम सिंह ने बोला कि समाचारों में लगातार उसकी बदनामी हो रही थी। जिससे उसकी मां की तबीयत बिगड़ गई थी। वो अपने परिवार से भी नहीं मिल पा रहा था। इस कारण से परेशान होकर उसने आत्मसमर्पण किया। वह अपने घर में और माडल टाउन के एक होटल में जुए का फड़ भी बैठाता रहा है।