आयुर्वेद परिषद चुनाव पर लगे आरोप निराधार, प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी – डॉ. सपना मिश्रा

*संघ ने कहा- मतदान की अपील लोकतांत्रिक अधिकार, किसी चिकित्सक पर दबाव का सवाल ही नहीं*

सुघर कोरबा (सुघर गांव)। छत्तीसगढ़ आयुर्वेद चिकित्सा परिषद चुनाव में दबाव और धांधली के लग रहे आरोपों को छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ ने सिरे से खारिज किया है। संघ ने इन आरोपों को निराधार और तथ्यहीन बताया है।

संघ की कोरबा जिला अध्यक्ष डॉ. सपना मिश्रा ने कहा कि परिषद चुनाव की प्रक्रिया शासन के निर्धारित नियमों के तहत पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित हो रही है।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ शासन से पंजीकृत संगठन है, जिसमें प्रदेश के शासकीय आयुर्वेद चिकित्सक सदस्य हैं। संघ ने प्रदेश के पांचों संभागों में अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं और सभी प्रत्याशी लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव मैदान में हैं।

बैलेट पेपर एकत्र करने और किसी विशेष प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाए जाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि इस तरह का कोई दबाव किसी भी आयुष चिकित्सक पर नहीं बनाया जा रहा है। चिकित्सकों द्वारा स्वेच्छा से मतदान की अपील करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है, इसे दबाव के रूप में प्रचारित करना गलत है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि कुछ जगहों पर प्रकाशित खबरें वास्तविक तथ्यों से परे हैं। उन्होंने सभी चिकित्सकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और तथ्यात्मक जानकारी के आधार पर ही निष्कर्ष निकालें।

Back to top button