ईरान ने कुवैत और बहरीन की ओर दागीं मिसाइलें, अमेरिका ने केशम द्वीप पर की जवाबी कार्रवाई

तेहरान/वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान द्वारा कुवैत और बहरीन की दिशा में मिसाइल एवं ड्रोन हमले किए जाने के बाद अमेरिका ने ईरान के रणनीतिक केशम (Qeshm) द्वीप पर जवाबी सैन्य कार्रवाई की है। क्षेत्र में लगातार बढ़ते सैन्य टकराव ने खाड़ी देशों समेत पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान की ओर से दागी गई कई मिसाइलों और ड्रोन को कुवैत, बहरीन तथा अमेरिकी रक्षा प्रणालियों ने हवा में ही नष्ट कर दिया। कुछ मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही निष्क्रिय हो गईं।

अमेरिका की जवाबी स्ट्राइक

हमलों के बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के केशम द्वीप स्थित सैन्य ठिकानों और नियंत्रण केंद्रों पर जवाबी कार्रवाई की। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई “आत्मरक्षा” के तहत की गई। केशम द्वीप को ईरान की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सैन्य गतिविधियों का केंद्र माना जाता है।

ईरान का दावा, अमेरिका पर लगाया आरोप

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई अमेरिकी हमलों के जवाब में की गई है। वहीं अमेरिका का आरोप है कि ईरान क्षेत्रीय स्थिरता को नुकसान पहुंचाने वाली आक्रामक गतिविधियों में शामिल है।

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ी चिंता

लगातार सैन्य कार्रवाइयों के चलते खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। बहरीन और कुवैत में सुरक्षा अलर्ट जारी किए गए हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों और तेल आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

Back to top button