उत्थान परियोजना के विस्तार से 34 विद्यालयों में शिक्षा और अधोसंरचना को मिलेगा नया आयाम
1,800 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, डेस्क-बेंच, स्मार्ट सुविधाएं और छात्र हितैषी योजनाओं का होगा विस्तार
रायगढ़, 10 जुलाई 2026। अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सीएसआर इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित उत्थान परियोजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ जून माह में रायगढ़ क्षेत्र के 34 विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव एवं पालक-शिक्षक बैठकों का आयोजन किया गया। वर्तमान में परियोजना के तहत 22 प्राथमिक, 8 पूर्व माध्यमिक और 4 हाई स्कूलों के 1,800 से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।
अदाणी फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत अधोसंरचना विकास और शिक्षण-सहायक संसाधनों की उपलब्धता को लगातार मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। परियोजना के अंतर्गत पूर्व में विद्यालयों को स्मार्ट टीवी, डेस्क-बेंच, स्कूल बैग, स्टेशनरी सामग्री और पुस्तकालय संसाधन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इन प्रयासों से विद्यार्थियों के सीखने के वातावरण में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
750 डेस्क-बेंचों का वितरण शुरू
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में परियोजना के तहत 750 डेस्क-बेंचों के वितरण और स्थापना कार्य की शुरुआत हो चुकी है। यह सुविधा बड़े भंडार के हायर सेकेंडरी एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बुंगा, सुपा और चंदली के हाई स्कूल एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों, गोर्रा हाई स्कूल तथा टपरदा, कलमा, पुसलदा और महादेवपाली के विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही है।
वर्तमान में बड़े भंडार हायर सेकेंडरी स्कूल में स्थापना कार्य प्रगति पर है। इसके बाद अन्य चिन्हित विद्यालयों में भी चरणबद्ध तरीके से यह कार्य पूरा किया जाएगा। इस पहल से 1,500 से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधाजनक शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग से बढ़ेगा जल संरक्षण
परियोजना के अंतर्गत बड़े भंडार, सुपा, बुंगा और चंदली के हाई स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित होगी।
किशोरी बालिकाओं के लिए विशेष पहल
आगामी चरण में परियोजना से जुड़े सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी किट और अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही पूर्व माध्यमिक और हाई स्कूलों में अध्ययनरत किशोरी बालिकाओं के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किट का वितरण भी किया जाएगा। इससे उनके स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और समग्र विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।
अदाणी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने कहा कि उत्थान परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को सीखने के लिए अनुकूल, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
उत्थान परियोजना के माध्यम से अदाणी फाउंडेशन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में समावेशी शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रहा है।



