
ऋषि निर्मलकर हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर उठे सवाल, परिजनों ने IG और SSP को सौंपा ज्ञापन
दुर्ग। होटल 36 इन में हुए चर्चित ऋषि निर्मलकर हत्याकांड मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। मामले में जेल में बंद आरोपी मेजर सिंह सागर के परिजनों ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे रवि शर्मा की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिजनों ने दुर्ग रेंज आईजी और एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि थाना दुर्ग में दर्ज अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि होटल संचालक रवि शर्मा को अब भी फरार बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि घटना के करीब पांच महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस रवि शर्मा को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
“मेजर सिंह सागर ने खुद किया था सरेंडर”
परिजनों ने बताया कि मेजर सिंह सागर को संदेह के आधार पर आरोपी बनाया गया था और उन्होंने स्वयं बेटे को थाने में पेश किया था। उनका दावा है कि मेजर सिंह का मृतक ऋषि निर्मलकर के साथ कोई व्यक्तिगत विवाद या लेनदेन नहीं था।
परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन होटल में मृतक ऋषि निर्मलकर और रवि शर्मा आपस में बातचीत कर रहे थे। बाद में ऋषि अपने एक साथी को बुलाकर होटल से बाहर चला गया था। इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है।


रवि शर्मा पर कार्रवाई नहीं होने से बढ़े संदेह
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले की विवेचना पूरी होने और चालान पेश किए जाने के बाद भी रवि शर्मा को फरार बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि फरवरी में भी पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि न तो आरोपी पर इनाम घोषित किया गया और न ही गिरफ्तारी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है। ऐसे में पुलिस की भूमिका को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
गिरफ्तारी की मांग तेज
मेजर सिंह सागर के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले के मुख्य आरोपी रवि शर्मा को जल्द गिरफ्तार कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई में और देरी होती है तो वे आगे बड़े स्तर पर आंदोलन भी कर सकते हैं।


