
एनटीपीसी लारा की पहल : दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित, आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़े कदम
रायगढ़। समावेशी और संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में एनटीपीसी लारा ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए परियोजना क्षेत्र के दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदान किए हैं। एनटीपीसी की सामाजिक संस्था प्रेरिता महिला समिति के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप तैयार किए गए कृत्रिम अंग वितरित किए गए।
कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम का आयोजन 2 जून को किया गया, जिसमें प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर ने हितग्राहियों को कृत्रिम अंग प्रदान किए। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी गतिशीलता बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
डॉक्टरों की सलाह से तैयार किए गए कृत्रिम अंग
कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों की पूर्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की गई थी। उनकी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुसार माप लेकर विशेष रूप से कृत्रिम अंग तैयार किए गए, ताकि उन्हें दैनिक जीवन में अधिक सुविधा मिल सके और वे सामान्य जीवन की गतिविधियों को आसानी से संचालित कर सकें।
आत्मविश्वास और सम्मान के साथ जीने का अवसर
इस अवसर पर प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर ने कहा कि समिति समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है और इस दिशा में ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं।
उन्होंने बताया कि एनटीपीसी केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने परियोजना क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है।
हितग्राहियों ने जताया आभार
कृत्रिम अंग प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों ने एनटीपीसी लारा और प्रेरिता महिला समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम अंग मिलने से अब वे पहले की तुलना में अधिक आत्मनिर्भरता के साथ अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे तथा रोजगार और आजीविका के अवसरों तक भी बेहतर पहुंच बना पाएंगे।
लाभार्थियों ने बताया कि कृत्रिम अंगों की मदद से उन्हें चलने-फिरने में आसानी होगी और बैसाखी जैसे सहारों पर निर्भरता कम होगी, जिससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
समाज के प्रति जिम्मेदारी निभा रहा एनटीपीसी
एनटीपीसी लारा की यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत समाज के वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास मानी जा रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े कार्यक्रम भी संचालित किए जाते रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रेरिता महिला समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती तृप्ति पावगी, महासचिव श्रीमती ममता साहू, वरिष्ठ सदस्या श्रीमती शबनम अहमद सहित समिति की अन्य पदाधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

