एनटीपीसी लारा में देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, उपलब्धियों और सामाजिक कार्यों का हुआ सम्मान

लारा, 15 अगस्त 2026। एनटीपीसी लारा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में राष्ट्र निर्माण, ऊर्जा उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास में एनटीपीसी लारा की भूमिका को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने परेड कर सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में नजर आया।

राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान

अपने संबोधन में सुभाष ठाकुर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

वित्तीय वर्ष में 4,305.34 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन

एनटीपीसी लारा छत्तीसगढ़ की ऊर्जा जरूरतों के साथ राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा में भी योगदान दे रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक एनटीपीसी लारा ने 4,305.34 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया है।

एनटीपीसी समूह की वर्तमान स्थापित क्षमता 91,080 मेगावाट बताई गई है, जबकि करीब 35,000 मेगावाट क्षमता निर्माणाधीन है। वर्ष 2032 तक 149 गीगावाट क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 60 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता शामिल होगी।

पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर

एनटीपीसी लारा में ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है। संयंत्र की स्थापना के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से पांच वर्ष की वैधता वाली संचालन सहमति प्राप्त होना पर्यावरणीय क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में बताया गया।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 50 हजार पौधे लगाए गए। स्थापना से अब तक लगभग 6.89 लाख पौधों का रोपण किया जा चुका है। इस वर्ष करीब 70 हजार पौधे लगाने के साथ मियावाकी वृक्षारोपण के दूसरे चरण में 12 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के सहयोग से इस्तेमाल किए गए बैग फिल्टरों से 7,500 से अधिक पुन: उपयोग योग्य थैले तैयार किए गए हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ महिलाओं के लिए आय के अवसर भी बने हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में पहल

एनटीपीसी लारा की ओर से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और महिला-बालिका सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

इनमें स्मार्ट क्लास, शिक्षा सहायता, सौर उच्च प्रकाश स्तंभ, सिलाई प्रशिक्षण, युवा कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर तथा कर्मचारी स्वयंसेवा कार्यक्रम के तहत ‘शिक्षा चौपाल’ जैसी पहल शामिल हैं।

बालिका सशक्तिकरण अभियान-2026 में 82 बालिकाओं ने एक माह के आवासीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं ‘कनेक्टिंग सोसायटी’ कार्यक्रम के माध्यम से करीब 350 बालिकाओं को साइकिलें वितरित की गईं।

मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल देकर किया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुसौर विकासखंड के शासकीय विद्यालयों की कक्षा 10वीं के प्रतिभावान और शीर्ष स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के रूप में साइकिलें प्रदान की गईं।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और उनकी शिक्षा को आगे बढ़ाने में सहयोग करना है।

समाजसेवा करने वाले वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान

समारोह में आसपास के गांवों के ऐसे वरिष्ठ एवं विशिष्ट नागरिकों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाजसेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

इस दौरान एनटीपीसी लारा ने लारा, झिलगीटार, कांदागढ़, बोड़ाझरिया, छपोरा, महलोई, आरमुड़ा, देवलसुर्रा और रियाँपाली सहित आसपास के गांवों के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह में एम. श्रीनाथ, हेमंत पावगी, जाकिर खान, प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्ष रेखा ठाकुर, उषा मरिसेट्टी एवं तृप्ति पावगी सहित एनटीपीसी लारा के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण उपस्थित रहे।

एनटीपीसी लारा ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास और समुदाय की भागीदारी के साथ ही समग्र विकास संभव है।

Back to top button