एनसीसी कैडेट्स ने वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सरदार वल्लभभाई पटेल उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में आयोजित हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम
रायगढ़, 11 जुलाई। 28वीं वाहिनी एनसीसी रायगढ़ के तत्वावधान में सरदार वल्लभभाई पटेल उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, रायगढ़ में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. पटेल एवं एनसीसी प्रभारी श्रीमती प्रीति प्रधान के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी प्रभारी श्रीमती प्रीति प्रधान ने विद्यार्थियों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. पटेल ने कहा, “वृक्ष लगाओगे तो हरियाली बढ़ेगी, वातावरण शुद्ध होगा और खुशहाली मिलेगी।” उन्होंने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण के महत्व से अवगत कराते हुए पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।



