सक्ती में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश बाइक सवार फरार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दो नकाबपोश बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाइक से आए, गोली मारकर भाग निकले

पुलिस के अनुसार, घटना जोंगरा गांव की है। मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है, जो हर्बल लाइफ उत्पादों का व्यवसाय करती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो युवक बाइक पर सवार होकर आए। दोनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। आरोपियों ने पूर्णिमा चौहान पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

हत्या के कारणों की जांच जारी

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

Back to top button