
अभिनेत्री पायल घोष ने दावा किया है कि उन पर एसिड अटैक की कोशिश हुई हैं। वह इस हमले में बाल-बाल बची हैं। पायल ने एक वीडियो में यह जानकारी दी है। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने उन्हें रॉड से मारने की कोशिश की। वह दवाएं खरीदकर मुंबई स्थित अपने घर लौट रही थीं तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला किया। पायल ने बताया कि एक शख्स के हाथ में एक बोतल थी शक है कि उसमें एसिड था। पायल इससे पहले उस वक्त चर्चा में आई थीं जब उन्होंने फिल्ममेकर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया था।
नकाबपोश लोगों ने किया हमला
पायल के बाएं हाथ में हल्की सी चोट भी आई है। इंस्टा स्टोरी पर उन्होंने अपनी चोट दिखाई है। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने उस घटना के बारे में बताया कि कैसे कुछ नकाबपोश लोगों ने उन पर हमला किया। उन्होंने संदेह जताया कि यह एसिड अटैक हो सकता है। एक्ट्रेस अब इस मामले में एफआईआर दर्ज कराएंगी।
सुनाई पूरी कहानी
वायरल वीडियो में पायल कह रही हैं कि ‘हाय, मैं पायल घोष हूं, कल कुछ दवा खरीदने के लिए निकली थी। जैसे ही मैं अपने ड्राइवर की सीट पर बैठने की कोशिश कर रही थी कुछ लोग आए और मुझ पर हमले की कोशिश की। उनके हाथ में एक बोतल थी। मुझे नहीं पता कि यह क्या था। मुझे एसिड होने का शक है। उन्होंने मुझे रॉड से भी मारने की कोशिश की। मैंने बचने की कोशिश की और चिल्लाई तो रॉड मेरे बाएं हाथ पर गिर गई जिससे मैं घायल हो गई। संभवत: आज मैं पुलिस स्टेशन जाकर एफआईआर दर्ज कराऊंगी।‘
वह आगे कहती हैं कि ‘इस तरह की चीजें मेरी जिंदगी में पहले कभी नहीं हुईं। मुंबई में यह पहली बार मेरे साथ हुआ है। मुझे वाकई नहीं पता कि यह क्या था।‘
अनुराग कश्यप पर लगाया था आरोप
बता दें कि सितंबर 2020 में पायल घोष ने अनुराग कश्यप के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने अनुराग कश्यप से कई घंटे तक पूछताछ भी की थी। वहीं अनुराग की ओर से बयान जारी कर सभी आरोपों को गलत बताया गया था।




