छत्तीसगढ़ में मिशन कर्मयोगी के तहत क्षमता निर्माण समिति की पहली बैठक 17 मार्च को
नवा रायपुर, 14 मार्च 2026:
[img-slider id="274450"]
छत्तीसगढ़ शासन ने मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत राज्य में क्षमता निर्माण कार्यक्रमों को गति देने और विभागों के मध्य बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित “छत्तीसगढ़ राज्य क्षमता निर्माण क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति” की पहली बैठक 17 मार्च 2026, अपराह्न 4 बजे, मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में आयोजित करने की घोषणा की है। बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड (भौतिक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) में होगी।
सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव के प्रशासनिक मार्गदर्शन में गठित यह समिति राज्य में मिशन कर्मयोगी के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करेगी, विभागों में संचालित प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण गतिविधियों में समन्वय स्थापित करेगी और क्षमता निर्माण को संस्थागत रूप देने के उपायों पर कार्य करेगी।
राज्य नोडल अधिकारी (मिशन कर्मयोगी – iGOT), सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार बैठक में iGOT डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के उपयोग की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय और परिणामोन्मुखी कार्यान्वयन के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक के एजेंडा में निम्न विषय शामिल हैं:
- राज्य के प्रशिक्षण संस्थानों (ATI और अन्य) की भूमिका को सुदृढ़ करना
- डिजिटल लर्निंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रशिक्षण में उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा
- राज्य स्तर से प्राप्त सुझावों का संकलन और राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन के लिए अनुशंसाएँ तैयार करना



