ऑपरेशन आघात के तहत कोतरारोड़ पुलिस की कार्रवाई, 395 लीटर महुआ शराब जब्त; 6 गिरफ्तार
रायगढ़, 17 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 16 अगस्त को धनागर, कुरमापाली और कलमी क्षेत्र में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में की गई।
धनागर में 100 लीटर शराब बरामद
पुलिस को ग्राम धनागर निवासी कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल द्वारा घर के आंगन में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। दबिश के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक डिब्बों और जरिकेन में रखी 100 लीटर शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है।
कुरमापाली में 20 लीटर शराब जब्त
दूसरी कार्रवाई ग्राम कुरमापाली में हुई। पुलिस ने शिव रजवार के कब्जे से प्लास्टिक जरिकेन और पन्नी में रखी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 2 हजार रुपये बताई गई है।
कलमी में पिता-पुत्र से 140 लीटर शराब मिली
ग्राम कलमी में पुलिस ने तरुण सतनामी और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी के खिलाफ कार्रवाई की। तलाशी के दौरान तरुण के कब्जे से 50 लीटर और लक्ष्मी प्रसाद के कब्जे से 90 लीटर, कुल 140 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इसकी कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।
दो अन्य आरोपियों से 135 लीटर शराब जब्त
कलमी में ही की गई चौथी कार्रवाई में पुलिस ने अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे को पकड़ा। दोनों के कब्जे से क्रमशः 85 लीटर और 50 लीटर, कुल 135 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 13,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार चारों कार्रवाइयों में शराब रखने और बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे गैस सिलेंडर, चूल्हा, प्लास्टिक डिब्बे, जरिकेन और बाल्टी सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
इन छह आरोपियों पर कार्रवाई
पुलिस ने मामले में कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल, शिव रजवार, तरुण सतनामी, लक्ष्मी प्रसाद सतनामी, अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी ने कहा- नशे के कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार से अपराध को बढ़ावा मिलता है। जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक मनोज कुमार यादव, बंशी रात्रे, शैलेन्द्र पैंकरा, चूड़ामणि गुप्ता, विनोद लकड़ा, राजेश खंडे और महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की भूमिका रही।











