ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 94 लीटर महुआ शराब जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 13 जुलाई (आरएनएस)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग मामलों में कुल 94 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्र में की गई इन कार्रवाइयों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 12 लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।

थाना तमनार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बांधापाली में दबिश देकर मिनकेतन यादव (34) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 17 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसी थाना क्षेत्र के ग्राम डोलेसरा के उरांव मोहल्ला में दूसरी कार्रवाई के दौरान दिलबोध तिग्गा (26) को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।

वहीं थाना छाल पुलिस ने ग्राम खर्रा में कार्रवाई करते हुए मार्शल धनवार (19) को अवैध महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 35 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है।

चौकी खरसिया पुलिस ने मालधक्का रैक प्वाइंट के पास अभियान चलाकर अजय साहू (43) को 12 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके कुछ ही देर बाद उसी क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई करते हुए रामजाने साहू (19) को 14 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध भी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। थाना तमनार क्षेत्र में 7, थाना छाल क्षेत्र में 3 तथा कोतरारोड़ क्षेत्र में 2 व्यक्तियों सहित कुल 12 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज में अपराध और अव्यवस्था को बढ़ावा देने वाली ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Back to top button