“ऑपरेशन आघात” : नाबालिगों को नशे का सोल्यूशन बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी बच्चों और किशोरों को साइकिल सोल्यूशन बेचकर उन्हें नशे की लत की ओर धकेल रहा था।

[img-slider id="274450"]

पुलिस के अनुसार रामभांठा स्थित संजय मैदान के पास कुछ नाबालिग लड़कों को सोल्यूशन सूंघते देखे जाने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कई लड़के वहां से भाग निकले, जबकि एक युवक को पकड़कर पूछताछ की गई।

नाबालिग से मिला सोल्यूशन

पकड़े गए लड़के ने पुलिस को बताया कि उसने “डोकरी” नाम के युवक से 40 रुपये में सोल्यूशन खरीदा था। उसके पास से सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन का ट्यूब भी बरामद किया गया।

इसके बाद पुलिस ने संदेही युवक शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना पता सुसडेगा, थाना पत्थलगांव जिला जशपुर बताया।

19 नग सोल्यूशन और नकदी जब्त

पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर 19 नग सुपर मैक्स सोल्यूशन ट्यूब, बिक्री रकम 240 रुपये और अन्य सामान बरामद किया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह ओडिशा के राउरकेला से सोल्यूशन खरीदकर रायगढ़ शहर में अलग-अलग जगहों पर बच्चों और युवाओं को बेचता था।

आरोपी ने यह भी बताया कि करीब 10 दिन पहले वह 5 बॉक्स सोल्यूशन खरीदकर लाया था और उन्हें 50 से 60 रुपये प्रति ट्यूब में बेच रहा था।

बीएनएस और जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज

कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जेजे एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अभिभावकों और समाज से भी सतर्क रहने की अपील की है ताकि बच्चों को नशे जैसी खतरनाक आदतों से बचाया जा सके।

Back to top button