
ऑपरेशन आघात : रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 115 लीटर महुआ शराब समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने पिछले 48 घंटों में चार बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 115 लीटर महुआ शराब, 92 पौवा देशी एवं अंग्रेजी शराब, नकद राशि और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
ग्राम लाखा में 65 लीटर महुआ शराब बरामद
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लाखा स्थित एक ढाबा के पास पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से 65 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब परिवहन में उपयोग किए जाने वाले सामान भी जब्त किए हैं।
संयुक्त कार्रवाई में 92 पौवा शराब जब्त
साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को पकड़कर उसकी निशानदेही पर 92 पौवा देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त नकद राशि भी जब्त की है।
मोटरसाइकिल से हो रहा था शराब परिवहन
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को मोटरसाइकिल के जरिए अवैध शराब ले जाते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 40 लीटर महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई।
खरसिया में भी कार्रवाई
खरसिया पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को पकड़कर उसके पास से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


