“ऑपरेशन तलाश” में बड़ी सफलता: दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

रायगढ़, 25 अप्रैल 2026। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी भोजराम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


शादी का झांसा देकर किया शोषण

जानकारी के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक महिला ने 31 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी से जनवरी 2026 में परिचय हुआ, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने।

आरोपी ने जन्मदिन के बहाने उसे रायगढ़ बुलाया और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद काशीराम चौक बायपास स्थित किराए के मकान में करीब 20 दिनों तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा।


शादी से इनकार, मारपीट और धमकी

पीड़िता के अनुसार, 24 मार्च को आरोपी उसे गांव ले गया, जहां शादी से इनकार करते हुए उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर छोड़ दिया।


मामला दर्ज होते ही फरार हुआ आरोपी

महिला की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 183/2026 के तहत धारा 69, 75(3), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था।


ऑपरेशन तलाश के तहत गिरफ्तारी

कोतवाली पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए 23 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं कोतवाली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी

“ऑपरेशन तलाश” के तहत महिला संबंधी गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है।


एसएसपी का संदेश

“महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित गिरफ्तारी और कठोर वैधानिक कार्रवाई हमारी प्राथमिकता है।”

Back to top button